मांडलगढ़। क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं कृषि वानिकी को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आज मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने गेनौली स्थित वन विभाग नर्सरी में राजस्थान वन विभाग एवं आरएफबीडीपी योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वानिकी के तहत किसानों को ग्राफ्टेड सीताफल के पौधों का वितरण किया गया। साथ ही विधायक खंडेलवाल ने नर्सरी परिसर में कल्पवृक्ष पौधों का पौधारोपण कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक खंडेलवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कृषि वानिकी को बढ़ावा देकर किसान अपनी आय में वृद्धि करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी मारिया साइन ए, मांडलगढ़ रेंजर मनेन्द्र पाल सिंह, विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, मांडलगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष संजय डांगी, निवर्तमान पार्षद अनीता सुराणा, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अर्जुन ब्रह्मभट्ट, मोहनपुरा ग्राम पंचायत प्रशासक रामस्वरूप तेली, भाजपा कार्यकर्ता जगदीश पुरी, कैलाश तेली सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्राम वन सुरक्षा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
