बिजोलिया – शुभम । कस्बे के बूंदी मार्ग स्थित बालाजी चौराहे के पास आज एक अनोखी घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भोजन की तलाश में भटकता एक बैल दुकानों के पास बनी बंद पड़ी सीढ़ियों के सहारे ऊपर पहुंच गया और देखते ही देखते दुकानों के टिन शेड पर चढ़ गया। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
बैल को ऊंचाई पर फंसा देख आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। विद्युत तारों के संपर्क में आने की आशंका के चलते किसी बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले संबंधित विभाग से बिजली आपूर्ति बंद करवाई।
इसके बाद ग्रामीणों और दुकानदारों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। रस्सियों की सहायता से बैल को पहले विद्युत तारों से सुरक्षित निकाला गया और फिर सावधानीपूर्वक टिन शेड से नीचे उतारा गया। पूरे रेस्क्यू के दौरान लोगों की सांसें थमी रहीं, लेकिन आखिरकार बैल को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैल खुली पड़ी सीढ़ियों से ऊपर चढ़ गया था। लोगों ने समय रहते बिजली बंद करवाने और सामूहिक प्रयास से रेस्क्यू सफल होने पर राहत जताई।
