तिलस्वां महादेव में चतुर्थ सामूहिक प्रभातफेरी का भव्य संगम, 10 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटे

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया – शुभम । प्रसिद्ध शिव धाम तिलस्वां महादेव में बुधवार को चतुर्थ सामूहिक प्रभातफेरी का भव्य संगम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित हुआ। हरिनाम संकीर्तन से गुंजायमान इस आयोजन में जिले सहित राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रभातफेरी मंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में करीब 400 ग्रामों के प्रभातफेरी मंडल शामिल हुए, जबकि औपचारिक रूप से 374 ग्रामों का नामांकन पूर्व में ही किया जा चुका था। श्रद्धालुओं की संख्या 10 हजार से अधिक रही।



सुबह से ही तिलस्वां महादेव परिसर और आसपास का क्षेत्र “हरी बोल” के जयघोष से गूंज उठा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रभातफेरी मंडलों का तिलस्वां के ग्रामीणों एवं आसपास के धर्मप्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। ग्राम के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई।

श्री तिलस्वां महादेव मंदिर के महंत पूर्णा शंकर पाराशर एवं पुजारी अथर्व पाराशर ने चारभुजा नाथ मंदिर से बैवाण को रथ में विराजमान कर विधिवत महाआरती संपन्न कराई। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूरे आयोजन में भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

समाजसेवी प्रकाश राठौर एवं गोपाल लाल अहीर ने बताया कि इस वर्ष 374 ग्रामों के प्रभातफेरी मंडलों का औपचारिक पंजीयन किया गया था, जबकि आयोजन में 400 से अधिक ग्रामों के मंडल पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए अंधेरियां देवरा स्थित भोजनशाला में भोजन प्रसादी की व्यापक व्यवस्था की गई।

इस विशाल धार्मिक आयोजन में भीलवाड़ा जिले के अलावा कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, अजमेर, टोंक तथा मध्यप्रदेश के नीमच एवं मंदसौर जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म और भक्ति का संदेश दिया।