लग्जरी कार से तीन कट्टों में ले जाया जा रहा था अवैध मादक पदार्थ, एक आरोपी गिरफ्तार
बिजोलिया। (नरेश धाकड़)
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजोलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45.770 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से तीन अलग-अलग कट्टों में कुल 45.770 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।
कार्रवाई में पुलिस ने राकेश कुमार पुत्र काना राम, जाति जाट, उम्र 21 वर्ष, निवासी जांदवा, थाना रतनगढ़, जिला चूरू को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके स्रोत को लेकर जांच की जा रही है।
कांस्या चौकी टीम की भी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में बिजोलिया थानाधिकारी स्वागत पाण्ड्या, कांस्या चौकी के नरेश सुखवाल की भी महत्वपूर्ण भूमिका कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, विष्राम, मनोज, गीतम सिंह एवं लायवन सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार लक्ष्मण सिंह ने आरोपी को पकड़ने में विशेष भूमिका निभाई।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
