भीलवाड़ा। आसींद थाना क्षेत्र के सरेरी गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जीवित बेटी को ‘मृत’ मानते हुए शोक पत्रिका छपवा दी और गांव में 12 दिन की बैठक का आयोजन शुरू कर दिया। यह फैसला पिता ने उस समय लिया, जब उनकी 26 वर्षीय पुत्री शादी के महज़ तीन महीने बाद घर छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई और लव मैरिज कर ली।

जानकारी के अनुसार, सरेरी निवासी पिता ने बेटी की शादी इसी वर्ष गांव के समाज के एक युवक से बड़े धूमधाम से करवाई थी। शादी में करीब 10 से 15 लाख रुपये खर्च हुए थे। शादी के कुछ समय बाद ही बेटी का गांव के एक युवक से प्रेम संबंध बन गया, जो उसके दामाद रिश्तेदार है। दोनों ने घर से भागकर लव मैरिज कर ली।

परिवार का आरोप है कि बेटी जाते समय सोने-चांदी के आभूषण और ₹70,000 नकद भी साथ ले गई। इसमें एक तोला कान के झुमके, मंगलसूत्र, दो रखड़ी , 10 ग्राम रखड़ी , 20 ग्राम चांदी की पायजेब सहित अन्य गहने शामिल थे। इस संबंध में आसींद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीड़ित के परिवार में तीन संतानें हैं—दो बेटे और एक बेटी। बेटी एकमात्र पुत्री थी। दो बेटो की पढ़ाई के लिए पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। बेटी के इस कदम से आहत पिता ने समाज को संदेश देने के लिए शोक पत्रिका जारी की और गांव में 12 दिन की बैठक रखी है, जिसमें आस-पास के ग्रामीण भी शामिल हो रहे हैं।
