शाहपुरा – मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर शाहपुरा की सियासत आज निर्णायक दौर में पहुंच गई है। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रमेश कुमार सेन और निर्दलीय प्रत्याशी बालमुकुंद तोषनीवाल आमने-सामने हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद दोनों प्रत्याशियों का मुकाबला तय हो चुका है।
नगर पालिका के 35 निर्वाचित पार्षद आज अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा और मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी बनवारीलाल सिनसिनवार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
22 बनाम 13 का सियासी गणित-
35 सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस के 22 पार्षद, भाजपा के 8 और निर्दलीय 5 पार्षद हैं। अध्यक्ष चुनने के लिए बहुमत का आंकड़ा 18 है। इस लिहाज से कांग्रेस के पास बहुमत से चार अधिक पार्षद हैं। हालांकि अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के ही पार्षद बालमुकुंद तोषनीवाल के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने से मुकाबले ने राजनीतिक रंग ले लिया है।
तोषनीवाल वार्ड 16 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद निर्वाचित हुए थे, जबकि रमेश सेन वार्ड 15 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीते। बाद में अध्यक्ष पद के लिए तोषनीवाल ने निर्दलीय दावेदारी कायम रखी। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित भी किया।
भाजपा और निर्दलीयों पर निगाह-
चुनाव से पहले राजनीतिक हलकों में भाजपा के 8 और पांच निर्दलीय पार्षदों के रुख को लेकर चर्चाएं हैं। हालांकि मतदान से पहले किसी पक्ष को इन पार्षदों का आधिकारिक समर्थन घोषित होने की पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए अंतिम तस्वीर मतदान के बाद ही साफ होगी।
शाहपुरा की सियासत में आज पार्षदों के वोट ही अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला करेंगे। एक ओर कांग्रेस के पास संख्याबल है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय मैदान में उतरे तोषनीवाल मुकाबले को राजनीतिक रूप से दिलचस्प बनाए हुए हैं।
अब नजरें मतदान पर हैं। कांग्रेस का 22 का आंकड़ा कायम रहता है या मतदान के दौरान कोई नया सियासी समीकरण सामने आता है, इसका फैसला आज दोपहर बाद मतगणना के साथ होगा।
