सुबह निकले थे टहलने, शाम को तालाब में मिला शव

गांधी सागर की पाल पर अधेड़ की मौत से सनसनी, स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से शव बाहर निकाला
भीलवाड़ा। पुनित चपलोत
शहर के तेजाजी चौक क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांधी सागर तालाब की पाल के समीप पानी में एक अधेड़ का शव तैरता दिखाई दिया। शव की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर भीमगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस की ओर से शव निकालने के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आपदा प्रबंधन टीम के मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत कर शव को पानी से बाहर निकलवाया। एसडीआरएफ के समय पर नहीं पहुंचने को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
मृतक की पहचान सोहनलाल खटीक, निवासी न्यू आत्माराम कॉलोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोहनलाल गुरुवार सुबह घर से पैदल घूमने के लिए निकले थे। शाम को पंचमुखी मोक्ष धाम के समीप गांधी सागर तालाब की पाल में उनका शव पानी में तैरता मिला।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि तालाब की पाल में एक व्यक्ति का शव तैरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधेड़ की मौत पानी में किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।



