अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले से भड़का आक्रोश, भीलवाड़ा में वकीलों का कार्य बहिष्कार; कोर्ट चौराहे पर जलाए टायर, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं ने पूरे भीलवाड़ा जिले में कार्य बहिष्कार किया और कोर्ट चौराहे पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेद सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर की शाम अधिवक्ता गोविंद अपने गांव से बस से उतरने के बाद अजमेर चौराहे की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया। गोविंद ने अपना परिचय अधिवक्ता के रूप में देते हुए कहा कि वह अपने रास्ते जा रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और लूटपाट का प्रयास किया। फिर जेब से चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया। अधिवक्ताओं ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाने के साथ पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराया। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई।
सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।



