बिजौलिया में सरपंच-पंच चुनाव में 87.31% मतदान, जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव से 10.79% अधिक

26 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, शाम 6 बजे तक बूथों पर पहुंचे मतदाताओं को भी कराया मतदान
बिजौलिया। पंचायती राज चुनाव के तहत बिजौलिया पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में शनिवार को सरपंच और वार्डपंच पदों के लिए 87.31 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक दर्ज मतदान प्रतिशत है। निर्धारित समय के बाद भी कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाता कतारों में मौजूद रहे, जिन्हें मतदान का अवसर दिया गया। सरपंच-पंच चुनाव में दो दिन पहले हुए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनाव के मुकाबले अधिक मतदान दर्ज किया गया। उस दौरान क्षेत्र में 76.52 प्रतिशत मतदान हुआ था।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों को व्हीलचेयर की मदद से बूथ तक पहुंचाया गया।
सरपंच के 26 पदों पर 125 प्रत्याशी मैदान में
बिजौलिया पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच के 26 पदों के लिए 125 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 216 वार्डपंच पदों के लिए भी मतदान हुआ। मांगटला ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए सर्वाधिक 10 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि श्यामपुरा में नौ और आरोली में आठ उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
78 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग
क्षेत्र के 59,270 मतदाताओं के लिए 78 मतदान केंद्र बनाए गए थे। निर्वाचन विभाग की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। उल्लेखनीय है कि 22 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए मतदान में 76.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इसके मुकाबले सरपंच और वार्डपंच चुनाव में मतदान प्रतिशत 10.79 प्रतिशत अंक अधिक रहा। मतदान के बाद अब ग्रामीणों को चुनाव परिणामों का इंतजार है।



