चाँदजी की खेड़ी में नवनिर्वाचित सरपंच कैलाश चंद सुथार ने ग्रहण किया पदभार ,पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय ने दी शुभकामनाएं, कहा- गांव के विकास में सभी मिलकर करें सहयोग

सलावटिया : विकास जैन। बिजोलिया पंचायत समिति की ग्राम पंचायत चाँदजी की खेड़ी में बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच कैलाश चंद सुथार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय ने नवनिर्वाचित सरपंच को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है। ऐसे में सभी प्रत्याशियों को आपसी भेदभाव भुलाकर ग्राम पंचायत के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। ग्राम की सेवा के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
नवनिर्वाचित सरपंच कैलाश चंद सुथार ने कहा कि ग्राम पंचायत की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। पेयजल, रोड लाइट, नालियों के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य गांव की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएंगे।
इस दौरान सलावटिया सरपंच गीता मालवीय, आरोली सरपंच कालूलाल गुर्जर, भेरूलाल सोनी, कैलाश चंद्र धाकड़, वीरेंद्र कुमार पहाड़िया, कैलाश काला, लोकेश सेन, उपसरपंच जगदीश धाकड़ सहित सभी वार्ड पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



