नवगठित धामनिया ग्राम पंचायत की सरपंच लाड़ कंवर ने संभाला पदभार

समारोह में जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान, ग्रामीणों ने पंचायत के सर्वांगीण विकास की जताई उम्मीद
असलम रंगरेज
काछोला क्षेत्र के धामनिया में नवगठित ग्राम पंचायत धामनिया की नवनिर्वाचित सरपंच लाड़ कंवर ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंचों का माला और साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
समारोह में शंभू सिंह राजपूत, राजगढ़ सरपंच बद्रीलाल गुर्जर, थलकलां सरपंच हरीश चौधरी, रलायता सरपंच भैरूलाल जाट तथा गणेशपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच बेरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया।
इस दौरान प्रिंसिपल जगदीश चंद्र मंत्री, समस्त वार्ड पंच, पूर्व सरपंच भवानी शंकर शर्मा, पूर्व प्रधान कन्यालाल जाट, पूर्व प्रधान जितेंद्र कुमार मूंदड़ा सहित अनेक प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नवगठित ग्राम पंचायत के गठन से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। पंचायत की प्राथमिकता गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा एवं चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना होनी चाहिए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई गई।
नवनिर्वाचित सरपंच लाड़ कंवर ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा सभी के सहयोग से धामनिया ग्राम पंचायत को विकास के नए आयामों तक ले जाने का भरोसा दिलाया।
समारोह के समापन पर ग्रामीणों ने सरपंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए नवगठित ग्राम पंचायत धामनिया के उज्ज्वल भविष्य और विकास की नई पहचान स्थापित होने की आशा व्यक्त की।




