बेंरा ग्राम पंचायत के पहले सरपंच रामसुख गुर्जर ने संभाला पदभार, विकास का खाका तैयार करने पर जोर

माण्डल। नवगठित बेंरा ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। प्रथम सरपंच रामसुख गुर्जर, उपसरपंच बबलू मोहम्मद पठान सहित सातों वार्ड पंचों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पंचायत सचिव निखिल शर्मा ने प्रोसीडिंग रजिस्टर में हस्ताक्षर करवाकर सभी जनप्रतिनिधियों को कार्यभार सौंपा।
इस अवसर पर सरपंच रामसुख गुर्जर ने कहा कि बेंरा नई ग्राम पंचायत बनी है और पंचायतवासियों ने उन्हें प्रथम सरपंच बनने का अवसर दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंचायत को शून्य से विकसित करना है, जिसके लिए सभी ग्रामीणों का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि पंचायत के विकास की शुरुआत पंचायत भवन, पंचायत सभा भवन, पशु चिकित्सा भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटवार भवन और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए भूमि चिह्नित करने से की जाएगी। इसके लिए संबंधित प्रस्ताव तैयार कर एसडीएम, तहसीलदार एवं जिला कलक्टर को अवगत कराया जाएगा, ताकि नवगठित पंचायत को शीघ्र व्यवस्थित स्वरूप देकर विकास कार्य शुरू किए जा सकें।
समारोह में उपसरपंच बबलू मोहम्मद पठान, बेंरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले रूपपुरा, भेरूखेड़ा, दौलतपुरा एवं बेंरा गांव के वार्ड पंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



