समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता का दलाल 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

रायपुर ब्लॉक में कराए सिविल कार्यों का बिल पास कराने के बदले मांगी थी रिश्वत, 10 हजार रुपये टेस्टिंग के नाम पर अलग से मांगे
भीलवाड़ा । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को भीलवाड़ा में कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता के कथित दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान श्रेणीक चौधरी के रूप में हुई है। एसीबी ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। मामले में कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म द्वारा रायपुर पंचायत ब्लॉक में करवाए गए सिविल कार्यों के 8 लाख 82 हजार 647 रुपये के प्रथम रनिंग बिल को पास करने की एवज में समग्र शिक्षा कार्यालय में पदस्थ संविदाकर्मी कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट द्वारा अपने कथित दलाल श्रेणीक चौधरी के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। इसके अतिरिक्त 10 हजार रुपये टेस्टिंग के नाम पर अलग से मांगे गए थे।
शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट द्वारा 50 हजार रुपये श्रेणीक चौधरी को देने के लिए कहा जाना सामने आया। इसके बाद अजमेर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में एसीबी चौकी भीलवाड़ा प्रथम की टीम ने पुलिस उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की।
टीम ने गर्ग पेट्रोल पंप के पास, रेलवे फाटक क्षेत्र में परिवादी से अपनी स्विफ्ट कार में बैठकर रिश्वत की राशि लेते श्रेणीक चौधरी को पकड़ लिया। एसीबी के अनुसार बरामद 50 हजार रुपये में 10 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 40 हजार रुपये डमी करेंसी थी।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।



