गुरुग्राम की सोसाइटियों में सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर होगी विचार-गोष्ठी, 17 नवंबर को जुटेंगे प्रबुद्धजन , बिजोलिया के शिक्षाविद सोनी सक्रिय

बिजौलिया। क्षेत्र के शिक्षाविद् एवं सामाजिक विचारक घनश्याम सोनी इन दिनों हरियाणा के मेवात और गुरुग्राम क्षेत्र में सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता से जुड़े आयोजनों के माध्यम से सक्रिय हैं। महानगरों में रहने वाले परिवारों और नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, सनातन संस्कृति तथा राष्ट्र से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने की इस पहल के तहत 17 नवंबर को गुरुग्राम में विशेष विचार-गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
सोनी ने दूरभाष पर बताया कि मेवात क्षेत्र में उभरती कट्टरपंथी गतिविधियों और उनसे देश की आंतरिक सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द को उत्पन्न होने वाली चुनौतियों के प्रति समाज को सजग करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से गुरुग्राम की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों में संवाद और जनजागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन आयोजनों में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को भी विशेष स्थान दिया जा रहा है। सोसाइटियों में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ के जरिए बच्चों और परिवारों को सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्वों को लेकर समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श भी किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 17 नवंबर को होने वाली विचार-गोष्ठी में हिंदुत्व के प्रखर विचारक एवं कश्मीर मामलों के विशेषज्ञ महावीर प्रसाद मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के वक्ताओं को आमंत्रित कर सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजक अजय यादव एवं मेघसिंह ने बताया कि गोष्ठी का उद्देश्य भारतीय परंपराओं की जड़ों को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को देश के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य की चुनौतियों से परिचित कराना है। यह आयोजन भारतीय सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के भविष्य को लेकर सामूहिक चिंतन का मंच बनेगा।






















































