Bhilwara News

गुजरात से चोरी हुआ 40 लाख का डम्पर बिजौलिया में पकड़ा

क्यूएसटी के अलर्ट पर कांस्या चौकी पुलिस ने की नाकाबंदी, भाग रहे चालक को दबोचा

बिजौलिया। अंतरराज्यीय वाहन चोरों की गतिविधियों पर पुलिस की सतर्कता भारी पड़ी। गुजरात के दाहोद जिले से चोरी हुआ करीब 40 लाख रुपए कीमत का टाटा डम्पर थाना पुलिस ने बरामद कर लिया। वाहन चोरी की सूचना मिलते ही कांस्या चौकी पुलिस ने राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा पर मोर्चा संभाला। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध डम्पर सामने आया तो चालक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उसके मंसूबे सफल नहीं हो सके।

कांस्या चौकी प्रभारी एएसआई नरेश कुमार सुखवाल ने बताया कि 19 नवंबर को क्यूएसटी के जरिए एक डम्पर की चोरी की सूचना मिली थी। इसके बाद थानाधिकारी स्वागत पाण्ड्या के निर्देशन में सिंगोली घाटा चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई। मध्यप्रदेश की ओर से आए डम्पर को रोकने का प्रयास किया तो चालक बैरिकेड्स को चकमा देकर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस वाहन को टक्कर मारने का प्रयास भी किया। पुलिस टीम ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान अमजद अली (27) पुत्र इब्राहिम अली निवासी नगलीवाल, थाना नौगांव, जिला अलवर के रूप में हुई। जांच में डम्पर गुजरात के दाहोद ग्रामीण थाने में दर्ज चोरी के प्रकरण का निकला। पुलिस ने आरोपी और डम्पर को संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

कार्रवाई के दौरान टीम में थानाधिकारी स्वागत पाण्ड्या, एएसआई नरेश कुमार सुकवाल, कांस्टेबल नरेंद्र, शिवपाल और रणजीत शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!