ककरोलिया घांटी पंचायत मुख्यालय पर बजरी लीज पर्यावरण स्वीकृति की जनसुनवाई

BHILWARA
Spread the love


*विक्रम सिंह @काछोला*

ग्रामीणों ने रखी रोजगार, रॉयल्टी माफी और पौधारोपण की मांग

काछोला।
ककरोलिया घांटी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को बजरी लीज पर्यावरण स्वीकृति को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान भीलवाड़ा अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश मेहरा एवं कोटड़ी उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा विशेष रूप से मौजूद रहे।

जनसुनवाई में राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी, बजरी लीज ठेकेदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस मौके पर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच बजरी लीज से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ग्रामीणों ने मांग रखी कि पंचायत क्षेत्र के सभी राजस्व गांवों में बजरी डालने पर रॉयल्टी नहीं लगाई जाए, ताकि विकास कार्य सुचारू रूप से हो सकें। साथ ही नदी किनारे पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने की बात कही गई। ग्रामीणों ने यह भी जोर दिया कि बजरी लीज से संबंधित कार्यों में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार का अवसर दिया जाए।

अधिकारियों ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि जनहित में उचित निर्णय लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए जाएंगे।

इस जनसुनवाई को ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण बताया क्योंकि इससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय युवाओं को रोजगार और विकास कार्यों में राहत मिलने की उम्मीद है।