BHILWARA

गुरुद्वारा से दस्तावेज चोरी करने का मामला कराया दर्ज, दो जनों के खिलाफ दी रिपोर्ट

शाहपुरा
शाहपुरा शहर के त्रिमूर्ति चैराहे पर स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में रखे धार्मिक दस्तावेजों के गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शाहपुरा की निवासी सिम्मी रणजीत कौर पत्नी गुरविंदर सिंह ने दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी है। प्रार्थिया ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में गुरुद्वारे की जिम्मेदारी संभाल रहे दो लोगों ने गुरुद्वारे की अलमारी में रखे दस्तावेज चुरा लिए हैं।
प्रार्थिया सिम्मी रणजीत कौर ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि त्रिमूर्ति चैक स्थित गुरुद्वारा शाहपुरा का एकमात्र गुरुद्वारा है जिसकी स्थापना उनके पूर्वजों ने की थी। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व उन्हें पारिवारिक कारणों से शहर से बाहर जाना पड़ा था। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे की सेवा-संभाल के लिए हरीश मतलानी पुत्र किशनलाल मतलानी और लोकेश लछवानी पुत्र ईश्वरलाल लछवानी, दोनों निवासी शाहपुरा, को जिम्मेदारी सौंपते हुए गुरुद्वारे की चाबियाँ प्रदान की थीं।

सिम्मी कौर ने बताया कि गुरुद्वारे की अलमारी में समस्त महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। लेकिन जब वह 6 नवंबर 2025 को शाहपुरा लौटीं और गुरुद्वारे में जाकर अलमारी खोली, तो सारे दस्तावेज गायब मिले। उन्होंने तुरंत इस संबंध में आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थिया का कहना है कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनकी अनुपस्थिति में गुरुद्वारे की सेवा कर रहे उक्त दोनों व्यक्तियों ने ही यह कृत्य किया है, क्योंकि चाबियाँ उन्हीं के पास थीं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र जांच कर चोरी हुए दस्तावेज बरामद करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!