BHILWARA

बिजौलिया में ट्रक में भीषण आग, फैक्ट्री परिसर में मची अफरा-तफरी , दो बाइकें भी हुई राख



स्पार्किंग से भड़की आग, चालक-खलासी बाहर होने से टला बड़ा हादसा

बिजौलिया। कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के निकट स्थित एक पत्थर फैक्ट्री में शुक्रवार को पत्थर भरवाने आए एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर राख हो गया ।घटना से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

फेक्ट्री मालिक सुनील जैन ने बताया की ट्रक फैक्ट्री परिसर के बाहर पत्थर भरवाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान ट्रक की केबिन में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे आग भड़क उठी। तेज गर्मी के चलते आग ने कुछ ही देर में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय ट्रक चालक और खलासी वाहन से बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।



हादसे के समय ट्रक के पास फैक्ट्री कर्मियों की करीब 12 बाइकें खड़ी थीं। आग बढ़ती देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत प्रयास कर 10 बाइकें सुरक्षित हटा लीं, लेकिन पास में खड़ी दो बाइकें आग की चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए पानी के टैंकर बुलवाए तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। बाद में मांडलगढ़ से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।



प्रारंभिक जांच में तेज गर्मी और स्पार्किंग के कारण आग लगना सामने आया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक का बड़ा हिस्सा जल गया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button