BHILWARA

बिजौलियाँ परकोटा पुकार रहा-आओ करें श्रमदान हेरिटेज वॉक-वे के सपने को साकार करने में जुटा शहर


बिजौलियाँ। विधायक गोपाल खण्डेलवाल द्वारा शहर के ऐतिहासिक परकोटे को हेरिटेज वॉक-वे के रूप में विकसित करने का सपना अब धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है। 1251 मीटर लंबे, औसतन 5 मीटर चौड़े एवं लगभग 8 मीटर ऊँचे परकोटे के अधिकांश हिस्से से बड़े पेड़ हटाए जा चुके हैं और करीब आधा परकोटा स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

बड़े दरवाजे पर की गई चित्रकारी बिजौलियाँ की ऐतिहासिक, धार्मिक और भक्ति-संस्कृति को दर्शा रही है। 14 दिसंबर से निरंतर कटाई-छंटाई, साफ-सफाई और श्रमदान का कार्य चल रहा है। शुरुआत से ही आमजन उत्साह के साथ जुड़ते हुए विधायक खण्डेलवाल और प्रशासक/उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड की दूरदर्शिता की सराहना कर रहे हैं।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि परकोटे की सुरक्षा, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य निरंतर जारी रहेगा। न्यूनतम व्यय रखते हुए आमजन के अधिकतम सहयोग से इसे एक संरक्षित मिसाल के रूप में विकसित किया जाएगा।



इसी क्रम में विधायक गोपाल खण्डेलवाल और प्रशासक अजीत सिंह राठौड ने 21 दिसंबर सुबह 8 बजे परकोटा दीवार पर सफाई, संरक्षण एवं श्रमदान में सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील की “आओ, सपनों को हकीकत में बदलने की इस यात्रा में भागीदार बनें।”

बिजौलियाँ बनेगा सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री मॉडल टाउन

20 दिसंबर को नगर पालिका ने अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल के नेतृत्व में मुख्य बाजार में पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक जब्ती व समझाइश अभियान चलाया। दुकानदारों, व्यापारियों और ठेला-फेरी वालों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की हिदायत दी गई, जबकि इसका उपयोग बंद कर चुके व्यवसायियों को धन्यवाद दिया गया।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर 2022 के जुलाई से राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंध लागू है । प्रतिबंधित वस्तुओं में पॉलीथिन, प्लास्टिक झंडे, गिलास, प्लेट, चम्मच, कटोरी, स्ट्रॉ, चाकू, कांटा आदि शामिल हैं। उल्लंघन पर जुर्माना, दुकान सीज तथा प्राथमिकी की कार्रवाई की जाएगी।

मंगल ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने राज्य के 7 शहरों में बिजौलियाँ को सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री मॉडल टाउन के रूप में चिन्हित किया है। नगर पालिका इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button