अफीम का लालच देकर जंगल में ले जाकर की हत्या, 70 हजार रुपये और सोने के आभूषण लूटे
भीलवाड़ा । मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के खंगारजी का खेड़ा के जंगल में मिली अज्ञात युवक की लाश के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल व मांडलगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने बताया की 18 अप्रैल को खंगारजी का खेड़ा क्षेत्र के सुनसान जंगल में 2-3 दिन पुरानी अज्ञात युवक की लाश मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार तथा सिर पर पत्थर से चोट के निशान मिले। शव को उप जिला चिकित्सालय मांडलगढ़ में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से मिली दवा की शीशी से अहम सुराग मिला। तकनीकी व साइबर सहायता से मृतक की पहचान जालौर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र के नया मोरसीम निवासी 32 वर्षीय नगाराम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके संपर्कों को खंगाला तो उसका परिचित किशनलाल ओड संदिग्ध पाया गया।
पुलिस ने किशनलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपियों ने नगाराम को अफीम देने के बहाने बुलाया और खंगारजी का खेड़ा के जंगल में ले जाकर ब्लेड से गला काट दिया। इसके बाद सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या की और जेब से करीब 70 हजार रुपये व कानों के सोने के आभूषण लूट लिए।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें किशन पुत्र श्यामलाल (18) निवासी बोलपुरिया, ईश्वर पुत्र रमेश (20) निवासी जापरपुरा, विनोद पुत्र पप्पूलाल (21) निवासी जापरपुरा तथा कमलेश पुत्र तुलसीराम (22) निवासी बोलपुरिया, थाना मांडलगढ़, जिला भीलवाड़ा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
