Bhilwara News

नई अफीम नीति से असंतुष्ट भारतीय किसान संघ मिला नारकोटिक्स आयुक्त से ग्वालियर में

सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- भारतीय किसान संघ राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधि मंडल ग्वालियर में नारकोटिक्स आयुक्त श्री दिनेश बिसेन से मिला । नई अफीम नीति के संबंध में किसान हित में पुनर्विचार करके संशोधन करने के सुझाव दिये । जैसे – 1990 से अब तक के कटे हुए पट्टे रोजगार हेतु बहाल किये जावे । गत वर्ष मार्फिन 4.2 से पट्टे दिये थे जो इस वर्ष 4.4 से दिये जाने है, उसे 4.2 मार्फिन से ही जारी किये जावें, क्योंकि मार्फिन प्राकृतिक है किसान के हाथ में नहीं है । किसानों को जीवित नामांतरण की सुविधा दिलाई जावे जिससे पारिवारिक झगड़े समाप्त हो । अफीम पट्टाधारी किसानों पर मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 8/18 एवं 8/29 का प्रभाव नहीं हो, डोडा चूरा को भी इन धाराओं से बाहर किया जाकर इसे अफीम नीति में शामिल किया जावे । पिछले 50 वर्ष से अफीम का खरीद मूल्य नहीं बढ़ाया गया है, अफीम खरीद मूल्य न्यूनतम ₹ 10 हजार किग्रा किया जावे । अफीम नीति प्रतिवर्ष के बजाय 5 वर्ष के लिए बनाई जावे। अफीम फसल कहीं से भी खराब होने पर उखड़वाकर शेष बचे रकबा की अफीम खरीद की जावे । नारकोटिक्स आयुक्त दिनेश बिसेन ने निश्चित ही संशोधन का भरोसा दिलाया । इस दौरान भारतीय किसान संघ राजस्थान प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अफीम आयाम प्रमुख बद्रीलाल जाट, प्रांत अफीम आयाम प्रमुख बद्रीलाल तेली, प्रदेश राजस्व प्रमुख शिवराज पुरी, चित्तौड़गढ़ जिला मंत्री लाभचंद धाकड़, जिला उपाध्यक्ष भूरालाल धाकड़, बारां जिला युवा प्रमुख गोविन्द नागर, गोपाल तेली प्रतापगढ़, सोहनलाल आंजना छोटीसादड़ी एवं गीतालाल धाकड़ बांगेड़ाघाटा आदि किसान उपस्थित थे ।।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!