दीपावली मेले में व्यापारियों को जगह, बिजली-पानी की सुविधा मिलेगी निशुल्क

काछोला। दीपावली के ऐतिहासिक मेले को लेकर ग्राम पंचायत काछोला ने व्यापारियों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली ने ग्रामवासियों की मांग पर बाहर से आने वाले झूला-चकरी व सर्कस संचालकों सहित दुकानदारों को जगह, ठहरने, बिजली और पानी की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की है। पंचायत के इस निर्णय से व्यापारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और मेले में अधिक भागीदारी की उम्मीद है।
दीपावली पर बाग में लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोग पहुंचते हैं। पंचायत ने मेले के दौरान नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा काछोला मार्केट को रोशनी से सजाने पर भी जोर दिया है। इन व्यवस्थाओं से मेले में आने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ बाजार की रौनक भी बढ़ेगी। पंचायत की पहल से ग्रामीणों को बेहतर व्यवस्थाओं की उम्मीद जगी है।
— गीता देवी माली, सरपंच, ग्राम पंचायत काछोला



