BHILWARA

CM भजनलाल बोले- डोटासरा जी भाजपा आपको पानी पिलाएगी:कहा- अशोक गहलोत जूली-डोटासरा को निपटाने में लगे, एक नेता जेल से बाहर आए; दूसरे जाने की तैयारी में


सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पूछते हैं कि कहां है यमुना का पानी? शेखावाटी के लिए यमुना का पानी भाजपा सरकार लेकर आएगी। गोविंद डोटासरा जी चिंता मत कीजिए, भाजपा सरकार उन्हें पानी पिलाएगी।

सीएम ने कहा- कांग्रेस ने 70 साल तक राज किया। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा और केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी उनसे ईआरसीपी और शेखावाटी के लिए यमुना के पानी के कागज तक पूरे नहीं किए गए। वो (कांग्रेस) किस मुंह से कहना चाहती है? कांग्रेस ने तो राजस्थान की जनता को झूठे सपने दिखाने का काम किया है।



भजनलाल शर्मा ने कहा- अशोक गहलोत कहते हैं कि कमलनाथ उनके मित्र हैं। लेकिन जब ईआरसीपी की बात आई तो उनके मित्र कोर्ट में पहुंच गए कि समझाैता नहीं करेंगे। मित्र तो ऐसा होता है कि जब मोहन यादव (सीएम, मध्यप्रदेश) को हमने जब कहा तो डीपीआर भी बन गई और शिलान्यास भी हो गया। मित्र तो इसको कहते हैं। कांग्रेस में तो मित्रता भी नहीं है।

कांग्रेस के अंदर तो अभी लड़ाई चल रही है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इसलिए बड़े बयान देते हैं ताकि उनकी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी नहीं चली जाए। प्रदेशाध्यक्ष इसलिए बाेलते हैं ताकि वो नेता प्रतिपक्ष बन जाएं। अशोक गहलोत दोनों को साधकर चल रहे हैं। पहले एक को निपटाया, अब दूसरे को निपटाने के चक्कर में लगे हैं। कांग्रेस में आपस में भी प्यार नहीं है।

भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस का एक मंत्री जेल से छूटकर आ रहा है, दूसरे कुछ जेल के अंदर जाने की तैयारी कर रहे हैं, ये भी कोई होड़ है क्या? इन्होंने भ्रष्टाचार और लूट के अलावा कुछ नहीं किया। इन्होंने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। अभी आगे-आगे देखते जाइए होता है क्या…क्योंकि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है।



सीएम ने कहा- एक मांग है यहां के लोगों से कि यहां के लोगों ने तथाकथित यूनियन बना रखी हैं। उन्हें मैं कहना चाहता हूं कि समस्या का समाधान तो किया जा सकता है, मन की बातों का कोई समाधान नहीं है। ऐसे लोगों के पास कोई खेती तो है नहीं, बस यूनियन लेकर लगे रहते हैं।

सीएम ने मंच से कहा- आने वाले समय में यहां की नहरों का शुद्धिकरण भी होगा और इन जिलों को सिंधु का पानी भी मिलेगा। इसके साथ ही गन्ने का समर्थन मूल्य 15 रूपए प्रति क्विंटल बढ़ाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि गन्ने की तीनों कैटेगरी में प्रति क्विंटल पर समर्थन मूल्य बढ़ेगा।

सीएम ने कहा- इतने सालों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने कभी फिराेजपुर आकर देखा क्या? कांग्रेस केवल झूठे वादे करती रही और कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने स्वार्थ की राजनीति की, उन्होंने यहां के किसानों के बारे में कभी नहीं सोचा। झूठ और लूट की कांग्रेस ने किसान-मजदूर की तरफ ध्यान नहीं दिया।

तीन बार सीएम रहे अशोक गहलोत ने कभी श्रीगंगानहर-हनुमानगढ़ की नहरों के बारे में सोचा क्या। सत्ता और कुर्सी ही कांग्रेस की प्राथमिकता है। महाराजा गंगासिंह ने नहरें बना दीं, कांग्रेस ने उन्हें संभाला तक नहीं। कांग्रेस सिर्फ चुनावों में वादे करती है।

CM भजनलाल शर्मा आज एक दिवसीय श्रीगंगानगर जिले के दौरे पर हैं। CM श्रीगंगानगर के साधुवाली गाजर मंडी पहुंच चुके हैं। जहां भाजपा नेताओं ने सीएम का 51 किलो की फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ ही माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने CM को मिट्‌टी की मटकी भेंट की।

सीएम के साथ मंच पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी, श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद हैं।

CM गंगनहर किनारे गाजर मंडी में आयोजित ‘गंगनहर शताब्दी’ कार्यक्रम में जनसभा को कुछ ही समय में संबोधित करेंगे। इसके बाद साधुवाली गाजर मंडी और फिरोजपुर फीडर के रिलाइनिंग कार्य का शिलान्यास करेंगे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!