बिजोलिया में छात्रों ने शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज पर अवैध वसूली व जातीय उत्पीड़न के लगाए आरोप, प्रबंधन ने बताया निराधार

BHILWARA
Spread the love



छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को दिया ज्ञापन, परीक्षा में बैठने से रोकने का भी आरोप

बिजौलिया ।
नगर स्थित श्री जी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर अवैध फाइन वसूली, मानसिक उत्पीड़न एवं जातिगत टिप्पणियों के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार ललित डीडवानिया को ज्ञापन सौंपा है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त शुल्क लेने के लिए उन्हें बार-बार दबाव बनाया जाता है और राशि नहीं देने पर परीक्षा में बैठने से रोकने व प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी दी जाती है।

ज्ञापन में बताया गया कि सत्र 2025-26 में पीटीईटी के माध्यम से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों ने नियमानुसार फीस जमा कर दी है, इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा अलग-अलग नामों से फाइन लगाया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि इससे वे आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान हैं और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि एससी-एसटी वर्ग के छात्रों के साथ जातिगत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है और उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है। साथ ही कॉलेज में छात्र-छात्राओं से शौचालय साफ करवाने जैसे कार्य भी कराए जाने का आरोप लगाया गया है।

छात्रों ने बताया कि 25 अप्रैल को परीक्षा के दिन भी उन्हें परेशान किया गया और परीक्षा में बैठने से रोका गया। प्रबंधन पर यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर कार्रवाई से बचने की बात कही जाती है।

छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

इनका कहना है

छात्रों द्वारा निराधार आरोप लगाए गए है , कॉलेज प्रशासन  द्वारा किसी प्रकार का अवैध फाइन ओर उत्पीड़न नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को कोई समस्या है तो वह लिखित में शिकायत प्रस्तुत करे, ताकि उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ विद्यार्थी बिना तथ्य के गलत आरोप लगा रहे हैं।

ऋतुराज पांडेय, निदेशक श्री जी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, बिजोलिया