गांव-गांव पहुंचा सरकार का “ग्राम रथ”, अरवड़ की चैपाल में गूंजी योजनाएं

BHILWARA
Spread the love


विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
प्रभारी देवीशंकर भूतड़ा ने योजनाओं का लाभ लेने की अपील की
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी

राजस्थान सरकार की योजनाओं का ढोल बजाने निकला “ग्राम रथ” जब नई अरवड़ पहुंचा तो रात्रि चैपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का पिटारा खोल दिया। पानी, सड़क, बिजली, पेंशन, खेती की जमीन के रास्ते और आवास जैसी मूलभूत परेशानियों को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अधिकारियों को जमकर निर्देश दिए और कई मामलों में तुरंत कार्रवाई करवाकर जनता को राहत दिलाने का भरोसा दिया।


रात्रि चैपाल में भाजपा प्रदेश स्तरीय रथ यात्रा निगरानी समिति के सदस्य एवं पूर्व विधायक ब्यावर देवीशंकर भूतड़ा भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास तभी संभव है जब ग्रामीण खुद भागीदारी निभाएं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं।
विधायक डॉ. बैरवा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ें और सरकारी सुविधाओं का अधिक से अधिक फायदा उठाएं। चैपाल के दौरान कई ग्रामीणों ने अफसरों के सामने ही अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर विधायक ने संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के आदेश दिए।
ग्राम रथ यात्रा का काफिला पनोतिया, देवरिया, सांगरिया, बावड़ी, ईटड़िया और अरवड़ क्षेत्र तक पहुंचा। अरवड़ में आयोजित रात्रिकालीन कार्यक्रम में कला जत्था के जरिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजागरूकता संदेशों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रचार किया गया। ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उत्साह के साथ देखा और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम का मंच संचालन पंचायत समिति शाहपुरा के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सूर्यप्रकाश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में रथ यात्रा प्रभारी भीलवाड़ा आजाद शर्मा, भाजपा जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, कैलाश धाकड़, रामलाल गुर्जर, महादेव गुर्जर, भाजपा जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, शिवराज कुमावत, बजरंग सिंह राणावत और एरीलाल उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रशासक देवरिया किस्मत गुर्जर, प्रशासक सांगरिया सम्पत्ति देवी, प्रशासक ईटड़िया महादेव गुर्जर और प्रशासक अरवड़ शिमला गुर्जर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले में उपखंड अधिकारी फूलियाकलां ओमप्रकाश, तहसीलदार रामदेव धाकड़, विकास अधिकारी प्रकाशचंद्र स्वर्णकार, सहायक विकास अधिकारी मिश्रीलाल कोली, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सूर्यप्रकाश शर्मा सहित पंचायत समिति शाहपुरा के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चैपाल के अंत में विधायक डॉ. बैरवा ने दावा किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।