मांडल। जयपुर-उदयपुर 48 नेशनल हाईवे पर मांडल चौराहे के ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रायला से भीलवाड़ा की ओर जाते समय ट्रक की टक्कर से हुआ।

जानकारी के अनुसार बाइक सवारों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सुबह करीब 5 बजे 108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत एवं मेल नर्स दीपक दाधीच मौके पर पहुंचे और घायलों को मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने लेखराज बागड़ी (55) निवासी किशनगढ़ एवं रविंद्र कुमार जाट (48) को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक रेलवे पुलिस विभाग में कार्यरत बताए गए हैं। वहीं छोटू भील (40) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को मांडल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों एवं रेलवे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
