करोड़ों की ठगी के आरोपी के साथ मंच साझा करने पर भाजपा घिरी, कांग्रेस ने उठाए तीखे सवाल
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले में करोड़ों रुपए की साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार कथित मास्टरमाइंड गोपाल बलाई अब सिर्फ पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसकी एक वायरल तस्वीर ने प्रदेश की राजनीति में भी तूफान खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही तस्वीर में सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक लादू लाल पितलिया एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आरोपी गोपाल बलाई से माला पहनकर स्वागत करवाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम की है।
तस्वीर सामने आते ही कांग्रेस ने भाजपा पर जोरदार हमला बोल दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और अपराधियों की नजदीकियां अब खुलकर सामने आने लगी हैं। विपक्ष का कहना है कि जिस व्यक्ति को पुलिस साइबर ठगी जैसे गंभीर अपराध का मास्टरमाइंड बताकर गिरफ्तार कर रही है, वही व्यक्ति भाजपा विधायक के साथ मंच साझा करता दिखाई दे रहा है, जो कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव श्याम पुरोहित ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सत्ता से जुड़े लोगों का संरक्षण मिलने के कारण साइबर अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की मेहनत की कमाई ठगने वाले आरोपियों के साथ जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें लोकतंत्र और राजनीति दोनों के लिए शर्मनाक हैं।
कांग्रेस ने विधायक लादू लाल पितलिया से सार्वजनिक सफाई मांगते हुए पूछा है कि आरोपी गोपाल बलाई से उनके क्या संबंध हैं और आखिर ऐसे व्यक्ति को मंच तक पहुंच कैसे मिली। विपक्ष ने यह भी कहा कि यदि भाजपा वास्तव में भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ है तो उसे इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
इधर वायरल तस्वीर के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या साइबर अपराधियों की राजनीतिक गलियारों तक गहरी पहुंच है? कई यूजर्स ने इस मामले को “राजनीति और साइबर अपराध के गठजोड़” का उदाहरण तक बताया है।
भाजपा विधायक पितलिया की ओर से कहा गया है कि किसी भी कार्यक्रम में कोई ग्रामीण मंच पर आकर स्वागत कर फोटो खिंचवाते है। इसी प्रकरण में भी यही हुआ होगा। उससे उनकी कोई पहचान नहीं है।
गौरतलब है कि भीलवाड़ा जिले की रायपुर थाना पुलिस ने हाल ही में “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर कस्बे के भीटा निवासी गोपाल लाल बलाई को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर आरोप है कि वह एक न्यूज चेनल की आड़ में लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में मात्र चार महीने के भीतर करीब 10 करोड़ रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ।
एसपी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार आरोपी इलेक्ट्रॉनिक हैकिंग, फिशिंग और स्मशिंग जैसी तकनीकों के जरिए लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी करता था। पुलिस को आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से 116 साइबर फ्रॉड शिकायतें मिली हैं। बैंक खातों और ई-केवाईसी दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। अब साइबर ठगी का यह मामला कानून से ज्यादा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन चुका है। वायरल तस्वीर ने विपक्ष को बड़ा मुद्दा दे दिया है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
