ऑनलाइन दवाइयों के विरोध में मेडिकल संगठन का प्रदर्शन, स्थानीय व्यापार और मरीज सुरक्षा पर जताई चिंता

BHILWARA
Spread the love



बिजौलिया। (नरेश धाकड़)ऑनलाइन माध्यम से दवाइयों की बिक्री के विरोध में बिजौलिया डिवीजन केमिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में मेडिकल व्यापारियों और संगठन से जुड़े सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान सदस्यों ने एकत्रित होकर ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री को लेकर चिंता जताई और इसे स्थानीय मेडिकल व्यवसाय तथा मरीजों की सुरक्षा के लिए चुनौती बताया।

प्रदर्शन के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन दवाइयों की बढ़ती बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना उचित चिकित्सकीय सलाह और सत्यापन के दवाइयों की उपलब्धता से मरीजों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी रहती है। संगठन ने कहा कि दवाइयों का वितरण निर्धारित नियमों और स्वास्थ्य मानकों के अनुसार होना चाहिए।

मेडिकल व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर सख्त नियम बनाए जाएं तथा इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के हितों की भी रक्षा हो सके।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मेडिकल व्यवसायी और संगठन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे तथा सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।