ट्रेडिंग के नाम पर हुई साइबर ठगी में भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी सफलता

BHILWARA
Spread the love



31 लाख की ठगी में से 20.85 लाख रुपए पीड़ित के खाते में करवाए रिफंड

भीलवाड़ा। पुलिस ने ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों द्वारा की गई 31 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी में से 20 लाख 85 हजार रुपए होल्ड करवाकर पीड़ित के खाते में रिफंड करवा दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में साइबर थाना भीलवाड़ा में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायत पर कार्रवाई की गई। मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी आयुष क्षोत्रिय के सुपरविजन में कांस्टेबल बाबूलाल द्वारा की गई।

पुलिस ने बताया की सुभाषनगर निवासी भरत सिंह चुण्डावत ने साइबर हेल्पलाइन पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात लोगों ने ऑनलाइन निवेश और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे विभिन्न बैंक खातों में करीब 31 लाख 50 हजार रुपए जमा करवा लिए और बाद में साइबर ठगी का शिकार बना लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल 1930 पर शिकायत अपडेट कर विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। पुलिस ने ठगी गई राशि में से 20 लाख 85 हजार रुपए फ्रिज करवा लिए। इसके बाद माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त कर यह राशि पीड़ित के बैंक खाते में रिफंड करवाई गई।

पुलिस टीम में साइबर थाना प्रभारी आयुष क्षोत्रिय तथा कांस्टेबल बाबूलाल की विशेष भूमिका रही।