दूसरे दिन भी नहीं उठा कचरा, बाजारों और मुख्य मार्गों पर लगे ढेर, लोगों ने जताई चिंता
गंगापुर। मुकेश गुर्जर
नगरपालिका प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच चल रहे विवाद का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार दूसरे दिन सफाईकर्मियों के कार्य बहिष्कार के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। मुख्य बाजार, बस स्टैंड, सहाड़ा दरवाजा सहित कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए, जबकि नालियों की सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर गंदगी फैल गई।
जानकारी के अनुसार सफाईकर्मियों में भीषण गर्मी के दौरान दोपहर की पाली में कार्य करने के निर्देशों एवं अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी बनी हुई है। इसी के विरोध में कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर उतर आए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में सफाईकर्मी नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
इधर सफाई व्यवस्था ठप होने से शहरवासियों की चिंता भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक यही स्थिति बनी रही तो बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर मानसून नजदीक होने के बावजूद नालों एवं बड़ी नालियों की सफाई नहीं होने से आगामी बारिश में जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके और आमजन को राहत मिल सके।
नगरपालिका की ओर से स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावों के बीच मौजूदा हालात कई सवाल खड़े कर रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय बनाकर जल्द समाधान निकाला जाना जरूरी है, ताकि गंगापुर शहर को गंदगी और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
