बिजोलिया। क्षेत्र के सीता का कुंड के समीप शुक्रवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। खराब सड़क और क्षतिग्रस्त किनारों के कारण एक बोलेरो वाहन अचानक असंतुलित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। पिछले तीन दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले इसी सड़क पर एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीण धनराज ने बताया कि बिजोलिया से शक्करगढ़ तक सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इतना ही नहीं, सड़क के दोनों किनारों की साइड पट्टियां भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरवाने और क्षतिग्रस्त किनारों को दुरुस्त करवाने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
