बिजौलिया।
नगर में अधूरे पड़े विकास कार्यों, क्षतिग्रस्त सड़कों, कटते पेड़ों और बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ता उपखंड कार्यालय पहुंचे और नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि बूंदी रोड पर पिछले करीब छह माह से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। पोल शिफ्टिंग के नाम पर काम रोक दिया गया, जिससे आमजन को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी मार्ग में विंध्यवासिनी शक्तिपीठ जाने वाला रास्ता भी बदहाल स्थिति में है, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के पुराने पथिक पार्क में किए गए कार्यों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीनीकरण के नाम पर वर्षों पुराने वटवृक्ष सहित कई पेड़ों को काट दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस वटवृक्ष की छांव में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय साधु सीताराम दास बैठा करते थे, उसे हटाना नगर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुंचाने जैसा है।
ज्ञापन में नगर पालिका पर निर्माण स्वीकृतियों को लेकर भी भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि गरीब और आम लोगों को निर्माण स्वीकृति के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि दलालों का बोलबाला बना हुआ है।
इसके अलावा जागेश्वर महादेव सामुदायिक भवन, रोडवेज बस स्टैंड सहित नगर के कई निर्माण कार्य महीनों से अधूरे पड़े होने का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि बारिश का मौसम नजदीक है और यदि समय रहते कार्य पूरे नहीं हुए तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
तेजाजी चौक पर सड़क के बीच लाइट पोल लगाने के प्रस्ताव का भी कांग्रेस ने विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर के सबसे व्यस्त चौराहे पर पहले से जाम की स्थिति बनी रहती है, ऐसे में सड़क के बीच पोल लगाने से यातायात व्यवस्था और बिगड़ सकती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देते क्षेत्र के कई कार्यकर्त्ता मौजूद रहे ।
