बड़लियास (रोशन वैष्णव)
। महेश्वरी समाज की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के तहत महिलाओं एवं बहन-बेटियों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से आई समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ नगर में धर्ममय वातावरण बना दिया।
शोभायात्रा चारभुजा नाथ मंदिर एवं मां चामुंडा माता के मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समाज एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सामूहिक भोजन एवं दान-पुण्य का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में गांव सहित बाहर से आए अनेक गणमान्य नागरिकों, समाज के वरिष्ठजनों एवं अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज की एकता, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे का माहौल बना रहा।
