महावीर वैष्णव महुआ कृषि विभाग द्वारा राज्य योजना अंतर्गत एक दिवसीय कृषक महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत दौलपुरा के राजस्व ग्राम नवलपुरा में किया गया, जिसमें क्षेत्र की करीबन 30 कृषक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषक महिलाओं को कृषि से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर महावीर वैष्णव, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक, दौलपुरा ने मिट्टी का नमूना लेने की विधि एवं सॉइल हेल्थ कार्ड के महत्व पर जानकारी दी। सत्यनारायण जोशी, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक, माल का खेड़ा ने विभागीय अनुदानित योजनाओं, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, खरीफ फसलों की पूर्व तैयारी तथा गर्मी की गहरी जुताई के लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
इसी क्रम में मेघवंशी लाल मेघवंशी, कृषि पर्यवेक्षक, श्यामपुरा ने बीज उपचार, खरपतवार प्रबंधन, किसान सुविधा एप एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी। वहीं दयाराम तेली, कृषि पर्यवेक्षक, मांगटला ने उत्पादकता वृद्धि के लिए 21 मूल मंत्र, फसल अवशेष प्रबंधन तथा समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
कार्यक्रम में मोडू लाल धाकड़, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक, श्रीनगर ने कृषक महिलाओं को वैज्ञानिक खेती अपनाने, मृदा स्वास्थ्य सुधारने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खरीफ सीजन से पूर्व आवश्यक कृषि तैयारियों एवं जल संरक्षण के महत्व पर भी विशेष जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के अंत में कृषि पर्यवेक्षक मानपुरा मनीष कुमार मीणा द्वारा प्रतिभागी कृषक महिलाओं का ज्ञानार्जन परीक्षण (टेस्ट) आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कृषक महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को भोजन करवाया गया। कृषक महिलाओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
