तेज अंधड़ और बारिश का कहर: कई परिवारों के आशियाने उजड़े, हजारों का नुकसान

BHILWARA
Spread the love


शक्करगढ़
क्षेत्र में शुक्रवार को आए तेज अंधड़ और बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी। अचानक चले तेज तूफानी हवाओं और बारिश से कई कच्चे मकानों, झोपड़ियों एवं टीन शेडों को नुकसान पहुंचा, जिससे ग्रामीणों को हजारों रुपये की क्षति हुई।
ग्राम बाघ की झोपड़ियां में कमलेश देवी मीणा के खेत  पर लगी सौर ऊर्जा प्रणाली की प्लेटें तेज हवाओं के कारण टूट गईं, जिससे उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। वहीं क्षेत्र के कई अन्य परिवार भी प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गए।
ग्राम पंचायत बाकरा में तेज अंधड़ के चलते दुर्गेश बलाई, कालू मीणा, मन्नालाल माली और अनिल सालवी सहित दर्जनों ग्रामीणों के मकानों पर लगे टीन शेड उड़ गए और कई स्थानों पर धराशायी हो गए। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से घरेलू सामान भी खराब हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि अंधड़ इतना तेज था कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाए। कुछ ही मिनटों में कई मकानों की छतें और टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह नुकसान बड़ी परेशानी लेकर आया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र राहत प्रदान करने एवं क्षति का आकलन कर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।