मजदूरी के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
माण्डल। थाना पुलिस ने ग्राम संतोकपुरा में हुई हत्या की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में अंकित पीटर उर्फ किटु (38) निवासी रतलाम (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी रोहिताश यादव ने बताया की झाबुआ (मध्यप्रदेश) निवासी दीपक कुमार माहेश्वरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जून की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके साले हितेश उर्फ गोलू की तबीयत खराब है। सूचना मिलने पर वे परिजनों के साथ भीलवाड़ा पहुंचे, जहां जानकारी मिली कि हितेश का उसके साथ रहने वाले अंकित पीटर उर्फ किटु से मजदूरी को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने हितेश पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल हितेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर मोबाइल फॉरेंसिक टीम एवं विशेष अनुसंधान टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। तकनीकी विश्लेषण और सघन जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकित पीटर उर्फ किटु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में हत्या करना प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंकित पीटर उर्फ किटु पुत्र अशोक पीटर (38) निवासी 8/13 गांधीनगर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) है। वर्तमान में वह माण्डल क्षेत्र के संतोकपुरा रोड स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था।
हत्या के त्वरित खुलासे में थानाधिकारी रोहिताश यादव के नेतृत्व में गठित टीम के उपनिरीक्षक शरीफ मोहम्मद, कैलाश चंद्र तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की तत्परता से वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
