योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की समग्र पद्धति : सांसद अग्रवाल

BHILWARA
Spread the love



“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

भीलवाड़ा । जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शांति भवन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया।



कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश वर्चुअल माध्यम से सुना। प्रधानमंत्री ने योग को मानवता के लिए भारत की अमूल्य देन बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताया।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. जी.एल. शर्मा ने बताया कि योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है। यह व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सकारात्मक सोच, आत्मविकास, सामाजिक सद्भावना तथा विश्व में शांति, आनंद और स्वास्थ्य के प्रसार के लिए संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम का संचालन आयुर्वेद विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने किया।