ग्रामीण शिक्षा में नवाचार और समर्पण का मिला सम्मान, 29 जून को जयपुर में होंगे सम्मानित
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा ग्रामीण विद्यालयों के समग्र विकास में उत्कृष्ट सहयोग के लिए फूलिया कलां के भामाशाह सत्य नारायण लड्डा को राजस्थान सरकार के प्रारंभिक शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में 29 जून 2026 को बिड़ला सभागार, जयपुर में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। लड्डा ने 21 करोड़ रू की लागत से फुलियाकलां में विद्यालय का निर्माण करवाया है।
सत्य नारायण लड्डा का यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फूलिया कलां से प्राप्त की। वर्षों बाद जब उन्होंने अपने पुराने विद्यालय का पुनः अवलोकन किया तो वहां का दृश्य भावुक कर देने वाला था। विद्यालय में पर्याप्त कक्षाओं का अभाव था और अनेक विद्यार्थियों को पेड़ों की छांव में बैठकर अध्ययन करना पड़ रहा था।
अपने विद्यालय और जन्मभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए लड्डा ने शिक्षा व्यवस्था में स्थायी परिवर्तन का संकल्प लिया। इसी दूरदर्शी सोच से शैक्षणिक एवं खेल उत्कृष्टता केंद्र योजना की परिकल्पना साकार हुई, जिसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को शहरों जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्री कल्याण सेवा संस्थान द्वारा संचालित लगभग 21 करोड़ रुपये की यह महत्वाकांक्षी योजना आज ग्रामीण शिक्षा में परिवर्तन का प्रतीक बन चुकी है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, बल्कि आधुनिक आधारभूत संरचना, खेल सुविधाएं, व्यक्तित्व विकास, व्यवसायिक मार्गदर्शन तथा जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
संस्थान के अध्यक्ष सुभाष लढ़ा ने बताया कि इस योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को नई दिशा दी है। जहां पहले संसाधनों की कमी विद्यार्थियों के सपनों में बाधा बनती थी, वहीं अब यह योजना उन सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रही है। शिक्षा विशेषज्ञ भी इसे सामुदायिक सहभागिता और नवाचार का प्रेरणादायी उदाहरण मान रहे हैं।
सत्य नारायण लड्डा के दूरदर्शी नेतृत्व, विद्यालय विकास के प्रति समर्पण तथा समाजहित में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उन्हें 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान-2026 के लिए चयनित किया है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण योगदान देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया हो।
श्री कल्याण सेवा संस्थान परिवार ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र, विद्यालय परिवार और इस योजना से जुड़े सभी सहयोगियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। संस्थान के सदस्यों ने कहा कि यह सम्मान भविष्य में शिक्षा सुधार के लिए और अधिक प्रेरणा देगा। फुलियाकलां के क्षेत्रवासियों में भी इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का वातावरण है। सभी ने सत्य नारायण लड्डा को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और यह संदेश देगा कि यदि संकल्प मजबूत हो तो ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर बदली जा सकती है।
