शराब पार्टी में चली गोली, युवक के पैर में लगी, उम्मेद सागर बांध पर मचा हड़कंप

BHILWARA
Spread the love


शाहपुरा के महेंद्र कहार घायल, जिला अस्पताल से भीलवाड़ा रेफर, फायरिंग को लेकर हादसा या विवाद, जांच में जुटी पुलिस

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
रविवार दोपहर शाहपुरा के उम्मेद सागर बांध पर युवकों की शराब पार्टी के दौरान गोली चलने से सनसनी फैल गई। गोली लगने से गाडरी खेड़ा निवासी महेंद्र कहार गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिससे काफी खून बह निकला। मौके से लोगों ने तत्काल उसे शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश विश्नोई मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य भी थाने पहुंचे, जहां कहार समाज के युवाओं की भीड़ जमा हो गई। एएसपी ने युवाओं से बातचीत कर उन्हें शांत किया और आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश गोली चलने का सामने आया है। पुलिस के अनुसार कुछ युवक उम्मेद सागर बांध पर बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। संभावना है कि इसी दौरान शिकार के लिए लाई गई बंदूक से अचानक गोली चल गई, जो महेंद्र कहार के पैर में जा लगी।
हालांकि यह कहानी पुलिस के शुरुआती अनुमान से अलग नजर आ रही है। बताते है शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर युवकों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने उत्तेजना में आकर महेंद्र कहार पर सीधे फायरिंग कर दी और वारदात के बाद खेतों की ओर फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। समाज के लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फरार युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एएसपी राजेश आर्य ने बताया कि पुलिस दोनों पहलुओं दुर्घटनावश गोली चलने और जानबूझकर फायरिंग को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर बालकिशन शर्मा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।