भीलवाड़ा एसीबी की लगातार दूसरे दिन बड़ी कारवाही, कोतवाली थाने का कांस्टेबल 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा के कोतवाली थाने में तैनात कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक पुराने प्रकरण में जल्द कार्रवाई करने और परिवादी को परेशान नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान एसीबी ने आरोपी की बाइक पर लगे छोटे बैग से रिश्वत की राशि बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ कोतवाली थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 458/22 की जांच चल रही है। मामले की जांच एएसआई मदनलाल जांगिड कर रहे थे, जबकि फाइल का काम कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद देख रहा था। आरोप है कि कांस्टेबल ने फाइल में जल्द कार्रवाई करने के नाम पर पहले 20 हजार रुपये की मांग की, बाद में 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपी पहले ही 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

29 जून को एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सही पाया गया। इसके बाद मंगलवार को एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में भीलवाड़ा-प्रथम इकाई के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने परिवादी से 6 हजार रुपये लेकर अपनी मोटरसाइकिल की टंकी पर लगे कपड़े के छोटे बैग में रखवा दिए। इसी दौरान एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।