*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा जिले की काछोला तहसील के ग्राम कटारियों का खेड़ा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर चरागाह एवं सरकारी (बिलानाम) भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए हरे-भरे पेड़ काटकर किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों की ओर से अधिवक्ता भारत खटीक ने बताया कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने चरागाह एवं सरकारी भूमि पर हरे पेड़ों की कटाई कर अवैध रूप से मकान और बाड़े बना लिए हैं। इतना ही नहीं, कब्जाई गई भूमि पर खेती भी की जा रही है। इससे गांव के मवेशियों के चरने की भूमि लगातार कम होती जा रही है और उनके आवागमन के रास्ते भी अवरुद्ध हो गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी वे इस अवैध कब्जे का विरोध करते हैं, तो अतिक्रमणकारी उनके साथ झगड़ा करते हैं और जान से मारने की धमकियां देते हैं। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि चरागाह एवं सरकारी (बिलानाम) भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाकर उसे मूल स्वरूप में बहाल किया जाए, ताकि मवेशियों के लिए पर्याप्त चराई की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके और गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे.
