शक्करगढ़
क्षेत्र में अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना को लेकर रविवार को ग्राम बाकरा में आषाढ़ी पंचमी के अवसर पर गांव बाहर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीण बड़ी संख्या में परिवार सहित शामिल हुए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी-देवताओं एवं इंद्र देव को भोग अर्पित कर अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।
पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि गांव में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष आषाढ़ी पंचमी पर ग्रामीण गांव के बाहर सामूहिक भोज का आयोजन करते हैं तथा अच्छी बारिश, भरपूर फसल और गांव की सुख-समृद्धि की कामना के साथ देवी-देवताओं को भोग लगाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण समय पर अच्छी बारिश किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी विश्वास और आस्था के साथ हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी संदेश देखने को मिला। भोज में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे गांव में धार्मिक और उत्सवी वातावरण बना रहा।
