भीलवाड़ा। श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान, भीलवाड़ा के तत्वाधान में रविवार को नगर निगम टाउन हॉल में आनंदपाल अपघात सेवा समिति एवं सर्व समाज के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्री आनंद सेवा समिति लाडनूं के संस्थापक अध्यक्ष मंजीत पाल सिंह चौहान सांवराद ने शिरकत की, कार्यक्रम की अध्यक्षता रावणा राजपूत समाज के आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल सिंह बडगूजर, कोठाज ग्राम पंचायत से लगातार तीसरी बार सरपंच गोपाल सिंह कानावत एवं सुख-दुख में समाज के साथ खड़े रहने वाले, सभी समाजों को रक्त की पूर्ति करवाने वाले आनंदपाल अपघात सेवा समिति के जिला अध्यक्ष हरिकिशन सिंह कानावत रहे।
जिला प्रवक्ता श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान सोराज सिंह चौहान ने बताया कि शिविर के दौरान समाज के युवाओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। शिविर में कुल 470 यूनिट रक्त संग्रहित कर भीलवाड़ा ब्लड बैंक ,रामसनेही ब्लड बैंक, महात्मा गांधी ब्लड बैंक, कोटडी श्याम ब्लड बैंक टीम को सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर समाज के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष, सभी तहसील अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाई गई एवं संगठन पदाधिकारियों, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं, समस्त रक्तदाताओं एवं भामाशाहों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मंजीत पाल सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है। रावणा राजपूत समाज ने हमेशा देश-धर्म के लिए बलिदान दिया है और आज मानवता के लिए रक्तदान कर एक नई मिसाल कायम की है।”
कार्यक्रम के अध्यक्ष जब्बर सिंह सांखला कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। इस तरह के शिविर आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे। अंत में संस्थान के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह गुड्डा ने सभी रक्तदाताओं, भामाशाहों, ब्लड बैंक टीम एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
