बार-बार बिजली गुल होने से चम्बल पेयजल परियोजना प्रभावित, कल  जलापूर्ति भी रहेगी बाधित

BHILWARA
Spread the love



15 दिनों से इनटेक, भुंजरकला और तेलीखेड़ा पम्प हाउस पर विद्युत बाधा बनी परेशानी का कारण, शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में असर

भीलवाड़ा। चम्बल-भीलवाड़ा पेयजल परियोजना बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लगातार प्रभावित हो रही है। पिछले करीब 15 दिनों से परियोजना के इनटेक, भुंजरकला एवं तेलीखेड़ा पम्प हाउस पर बार-बार बिजली ट्रिप होने और आपूर्ति बाधित रहने से भीलवाड़ा शहर सहित जिले के अनेक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। जलदाय विभाग ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी बाधाओं के चलते 8 जुलाई को होने वाली जलापूर्ति पर भी असर पड़ेगा।

जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि 6 जुलाई की रात्रि 8:15 बजे से 7 जुलाई की सुबह 2:35 बजे तक भुंजरकला पम्प हाउस पर विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। इसके कारण 7 जुलाई की निर्धारित पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी इनटेक एवं भुंजरकला पम्प हाउस पर बार-बार पावर ट्रिपिंग की समस्या बनी रही, जिससे परियोजना का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो सका। इसके परिणामस्वरूप भीलवाड़ा शहर के साथ-साथ जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 8 जुलाई को होने वाली पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी।

जलदाय विभाग ने आमजन से सहयोग एवं आवश्यकतानुसार पानी का मितव्ययिता से उपयोग करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि विद्युत आपूर्ति सामान्य होते ही पेयजल व्यवस्था को पुनः नियमित करने के प्रयास किए जाएंगे।