बेखौफ बदमाशों का आतंक: सोती महिला को पीटा, गहने लूटे, बेटों को कमरों में किया बंद, काछोला पुलिस जुटी मामले की जांच में

BHILWARA
Spread the love

बिजोलिया । उपखंड क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार देर रात जलिंद्री ग्राम पंचायत के अमरपुरा गांव में तीन बेखौफ बदमाशों ने एक घर में घुसकर ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने पहले महिला के दोनों बेटों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया, फिर अकेली महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसके गले से करीब एक तोला वजनी रामनामी और कानों के टॉप्स लूटकर फरार हो गए। टॉप्स खींचने से महिला के दोनों कान फट गए, जबकि गले पर भी गंभीर चोटें आई हैं।



जानकारी के अनुसार अमरपुरा निवासी नंदू देवी (55) पत्नी रामलाल मीणा सोमवार रात करीब दो बजे घर के बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन बदमाश चुपचाप घर में दाखिल हुए। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने महिला के दोनों बेटों सत्यनारायण मीणा और वैद्यराज के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई मदद के लिए बाहर नहीं निकल सके।

इसके बाद दो बदमाशों ने महिला को पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने गले से रामनामी और कानों के टॉप्स छीनने शुरू कर दिए। महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन आभूषण खींच लिए। इस दौरान टॉप्स खींचने से महिला के दोनों कान फट गए और गले पर भी चोटें आईं। वारदात के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

घायल महिला के बेटे सत्यनारायण मीणा ने बताया कि देर रात मां की चीखें सुनकर वह और उसका भाई कमरे से बाहर निकलने दौड़े, लेकिन दरवाजे बाहर से बंद होने के कारण कुछ नहीं कर सके। काफी देर तक प्रयास करने के बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुला, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही काछोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।

पूर्व सरपंच विजय तिवारी ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्र में तीन दिन के भीतर महिलाओं के साथ घर में घुसकर लूट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले राणाजी का गुड्डा गांव में भी इसी तरह महिला को निशाना बनाकर लूट की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।