*नए थाना प्रभारी के रूप में सीआई ओम प्रकाश कासनियां ने संभाली कमान, प्रभावी पुलिसिंग और जनविश्वास बढ़ाने पर रहेगा जोर*

*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
भीलवाड़ा जिले में पुलिस विभाग के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत बनेड़ा थाना को नया नेतृत्व मिला है। शंभूगढ़ थाना से स्थानांतरित होकर आए सीआई ओम प्रकाश कासनियां ने बुधवार को बनेड़ा थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के साथ ही उन्होंने थाना परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली।
पदभार ग्रहण करने के बाद सीआई ओम प्रकाश ने थाना स्टाफ की बैठक आयोजित कर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों, संवेदनशील स्थानों और नियमित पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार रखा जाए।
उन्होंने कहा कि बनेड़ा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा तथा क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
सीआई ओम प्रकाश ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या अपराध से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और जनता के सहयोग से बनेड़ा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण को और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने थाना स्टाफ से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन का विश्वास जीतने का आह्वान किया।



