बड़लियास ( रोशन वैष्णव)
बरूंदनी गांव में दलहनी फसल आत्मनिर्भरता मिशन के तहत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर में किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों, दलहनी फसलों के उन्नत उत्पादन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर आत्मनिर्भर खेती की दिशा में प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी घनश्याम धाकड़ ने कहा कि दलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का समय पर लाभ लेने और निर्धारित अवधि में आवेदन करने का आग्रह किया।
कृषि पर्यवेक्षक हरिओम मीणा (बरूंदनी) ने किसानों को तारबंदी योजना, सिंचाई पाइपलाइन योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, बीज एवं अन्य कृषि योजनाओं की पात्रता, अनुदान प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में उपस्थित किसानों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर विभागीय अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा योजनाओं का लाभ लेने में रुचि दिखाई।
इस अवसर पर श्यामलाल अहीर, शिवशंकर अहीर, कालूलाल तेली, सांवरिया गुर्जर, भैरूलाल तमोली, राधेश्याम अहीर चन्दशेकर अहीर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो हेडिंग:
बरूंदनी में आयोजित कृषक प्रशिक्षण शिविर में किसानों को आधुनिक खेती एवं कृषि योजनाओं की जानकारी देते कृषि विभाग के अधिकारी।
