*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
मानव सेवा और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए बनेड़ा 108 एंबुलेंस की टीम ने एक गर्भवती महिला का रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराकर जच्चा और नवजात दोनों की जान बचाई। समय पर पहुंची 108 एंबुलेंस टीम की त्वरित कार्रवाई और ईएमटी की सूझबूझ से महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को जोरावरपुरा गांव से 108 एंबुलेंस सेवा पर सूचना मिली कि एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही बनेड़ा 108 एंबुलेंस के पायलट मुर्शिद खान और ईएमटी एहसान अली बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे।
टीम ने लहरी भील (21 वर्ष), पत्नी गंगाराम भील को प्राथमिक देखभाल देते हुए एंबुलेंस से बनेड़ा अस्पताल के लिए रवाना किया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई और स्थिति गंभीर हो गई। ऐसे में पायलट मुर्शिद खान ने एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
इसके बाद ईएमटी एहसान अली ने अपनी प्रशिक्षण क्षमता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस के अंदर ही सभी आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के साथ महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों की हालत सामान्य रही।
सुरक्षित प्रसव के बाद 108 एंबुलेंस टीम ने मां और नवजात को आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा दोनों को आगे की चिकित्सकीय निगरानी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बनेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को स्वस्थ बताया।
इस सफल प्रसव के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और 108 एंबुलेंस के पायलट मुर्शिद खान एवं ईएमटी एहसान अली की तत्परता, सेवा भावना और कुशल कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने भी 108 एंबुलेंस सेवा की इस सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए इसे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
