दुबई में अपहरण भीलवाड़ा में फिरौती, मास्टरमाइंड वांटेड लुत्फी का गिरफ्तारी वारंट जारी, 8 आरोपियों पर इनाम घोषित ,लुकआउट नोटिस जारी, 7 सितंबर तक कोर्ट में पेश करने के आदेश

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। दुबई में भीलवाड़ा के एक व्यापारी के अपहरण और फिरौती के सनसनीखेज मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी फजले रऊफ उर्फ लुत्फी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिनियम की धारा 37 के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। न्यायालय ने सुभाषनगर थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि आरोपी को गिरफ्तार कर 7 सितंबर 2026 तक अदालत में पेश किया जाए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं 308(5), 111(2)(बी), 3 और 4 के तहत प्रकरण दर्ज है।



सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि लुत्फी के खिलाफ वर्ष 2025 में हवाला, सट्टा और ब्याज माफिया से जुड़े संगठित अपराध का मामला दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई फरार हो गया। वहां उसने अपना आपराधिक नेटवर्क खड़ा कर लिया, जिसमें प्रतापगढ़ के हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ चुन्नू लाला और जाहिद उर्फ बादशाह लाला सहित कई बदमाश सक्रिय बताए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह दुबई में भीलवाड़ा की युवतियों को बुलाकर कथित रूप से सेक्सटॉर्शन रैकेट भी संचालित कर रहा था। पुलिस को इस संबंध में दो वीडियो मिले हैं। एक मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि दूसरे प्रकरण में पीड़ित पक्ष से संपर्क कर कार्रवाई की जा रही है।



जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के 11 आरोपियों पर इनाम घोषित किया है, जबकि 8 आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया जा चुका है। इनमें से योगेश मूंदड़ा, मोइन खान और वसीम मोहम्मद पठान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इनाम घोषित आरोपियों में जाहिद लाला उर्फ बादशाह, इमरान उर्फ चुन्नू लाला, रज्जाक मोहम्मद, फातिमा फहीम, जितेंद्र कुमार माली, मोहम्मद आदिल शेख, नीतू महेश और जीशान खान सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस इनके खिलाफ भी लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तारी वारंट की तामील के लिए नोटिस न्यायालय के नोटिस बोर्ड, आरोपी के दोनों आवासों तथा नगर निगम कार्यालय पर चस्पा कर दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन आरोपियों ने किसी के साथ कोई आपराधिक वारदात की है तो बिना किसी भय के पुलिस को सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान और सुरक्षा पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।