भीलवाड़ा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार का भव्य स्वागत; भाजपा सरकार पर पेपर लीक, किसानों और भ्रष्टाचार को लेकर बोला तीखा हमला

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। शहर जिलाध्यक्ष जी.पी. खटीक, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष हामिद रंगरेज, ग्रामीण जिलाध्यक्ष इकबाल मोहम्मद शाह सहित कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों के बीच चोपदार का 51 किलो की पुष्पमाला, शॉल, साफा, हल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वागत के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एम.डी. चोपदार ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की “पर्ची सरकार” जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ी हुई है, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है तथा सरकार केवल प्रचार की राजनीति कर रही है, जबकि आम जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।

चोपदार ने कहा कि कांग्रेस 36 बिरादरी और सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। मुस्लिम, पारसी, बौद्ध, क्रिश्चियन, सिख और जैन सहित सभी अल्पसंख्यक समुदायों का कांग्रेस की विचारधारा पर विश्वास रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव कराने से बच रही है तथा सरकार को जल्द चुनाव की घोषणा करनी चाहिए।

पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2024, 2025 और 2026 में नीट परीक्षा के पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ और कई छात्रों ने आत्महत्या तक की। उन्होंने कहा कि युवाओं के आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की भी उन्होंने आलोचना की।

किसानों के मुद्दे पर चोपदार ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में सैकड़ों किसानों की मौत के बाद सरकार को कानून वापस लेने पड़े। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नार्को टेस्ट वाले बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं का नार्को टेस्ट हो सकता है तो कथित 500 करोड़ रुपये के कृषि घोटाले को लेकर कृषि मंत्री का भी नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी और प्रदेश के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य मोहम्मद याकूब, प्रदेश उपाध्यक्ष जफर टाक, प्रदेश सचिव अली मंसूरी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष इकबाल शाह, हाजी इकबाल, शबनम डायर, सोनू कायमखानी, आरिफ बिसायती, ताहिर पठान, फारूक मंसूरी, कश्मीर शेख, हाजी उमर डायर, नफीस मुल्तानी, हाजी मोहम्मद हुसैन अंसारी सहित प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।